03-May-2026
...


गुना (ईएमएस) ।जिले के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत दुनाई गांव में एक नवविवाहित युवक की अचानक मौत से शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मृतक की पहचान रामकृष्ण कुशवाह के रूप में हुई है, जिसकी शादी 1 मई को ही धूमधाम से संपन्न हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के अगले ही दिन दोपहर में रामकृष्ण ने घर पर चाय बनाने की बात कही और पेड़ की छांव में जाकर लेट गया। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवार के लोगों ने जब उसकी हालत देखी तो तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक को अचानक हार्ट अटैक आया, जिससे उसकी जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में एक दिन पहले तक शादी की खुशियां और उत्सव का माहौल था, वहां अचानक सन्नाटा पसर गया। परिजनों ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। मृतक के हाथों की मेंहदी भी ठीक से नहीं सूखी थी और घर में गूंज रही शहनाइयां चुप्पी में बदल गईं। घटना के बाद परिजन शव को जिला अस्पताल से बिना पोस्टमार्टम कराए ही अपने साथ गांव ले गए। गांव में इस हृदयविदारक घटना से हर कोई स्तब्ध है और परिवार को ढांढस बंधा रहा है। -सीताराम नाटानी