03-May-2026
...


- कलेक्टर के निर्देश पर माफिया के पाताल लोक तक पहुंची आबकारी टीम: जमीन चीरकर निकाली गई अवैध शराब गुना (ईएमएस) ।जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में हाल ही में हुई दबिश के दौरान तस्करों के हैरान करने वाले तरीके सामने आए। कहीं नाले के किनारे जमीन में कैनों को गाड़कर लाहन और शराब छिपाई गई थी, तो कहीं बोरी-कट्टों में पानी पाउच की तरह शराब भरकर झोपड़ियों में छुपाकर रखी गई थी। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और ग्वालियर संभाग के उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी टीम ने ग्राम बोरखेड़ा चक और बेरखेड़ी में छापामार कार्रवाई की। आबकारी वृत्त गुना-1 के प्रभारी राधाकिशन अटारिया के नेतृत्व में टीम ने जब तलाशी ली तो बोरखेड़ा में 6 प्लास्टिक ड्रमों में भरा करीब 300 किलोग्राम लाहन बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं ग्राम बेरखेड़ी में 35 लीटर हाथ भट्टी की शराब जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 16,000 रुपए आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)A और 34(1)F के तहत 3 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस पूरी कार्रवाई में आबकारी टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। विभाग का कहना है कि अवैध और जहरीली शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। -सीताराम नाटानी