ज़रा हटके
04-May-2026
...


ज्यादा खोदा तो मिल गया अंग्रेजों वाला खजाना ओस्लो,(ईएमएस)। पुरातत्वविदों की एक टीम ने जब हाल ही में एक गांव के खेत में खुदाई शुरू की, तो उन्हें अंदाजा नहीं था कि वे इतिहास रचने जा रहे हैं। जैसे ही जमीन में गड्ढा थोड़ा गहरा हुआ, अचानक अंदर से धातुओं के टकराने की खटखट की आवाज आने लगी। इस आवाज को सुनकर खुदाई कर रहे कर्मचारी और विशेषज्ञ दंग रह गए। जैसे-जैसे खुदाई आगे बढ़ी, जमीन के भीतर से चांदी की ऐसी चमक निकली कि वहां मौजूद लोगों की आंखें फटी की फटी रह गईं। जमीन के सीने में सदियों से दफन खजाना बाहर निकल रहा था। यह पूरा मामला नॉर्वे के पूर्वी हिस्से में बसे रेना गांव के पास का है। दरअसल, दो मेटल डिटेक्टरिस्टों को खेत में शुरुआती जांच के दौरान 19 प्राचीन सिक्के मिले थे। इसी सुराग के आधार पर पुरातत्वविदों की टीम ने वैज्ञानिक तरीके से खुदाई का निर्णय लिया। जांच के दौरान जैसे ही डिटेक्टर मशीन लगाई गई, वह लगातार संकेत देने लगी। गहराई में जाने पर एक के बाद एक सैकड़ों सिक्के निकलने शुरू हो गए। विशेषज्ञों की मौजूदगी में की गई इस खुदाई में कुल 2,970 चांदी के सिक्के बरामद हुए हैं। यह नॉर्वे में अब तक मिला विकिंग युग के सिक्कों का सबसे बड़ा भंडार बताया जा रहा है। पुरातत्वविदों के अनुसार, यह खजाना लगभग 1050 ईसवी के आसपास का है। बरामद किए गए सिक्के मुख्य रूप से इंग्लैंड, जर्मनी, डेनमार्क और नॉर्वे में ढाले गए थे। इनमें इंग्लैंड के राजा एथेलरेड द्वितीय (978-1016), कनूट द ग्रेट (1016-1035) और पवित्र रोमन साम्राज्य के सम्राट ओटो तृतीय के समय के सिक्के शामिल हैं। इसके अलावा, नॉर्वे के राजा हाराल्ड हार्डराडा के काल के सिक्के भी इस संग्रह का हिस्सा हैं। सिक्कों के साथ-साथ चांदी के गहनों के टुकड़े भी मिले हैं, जिन्हें उस काल में मुद्रा के विकल्प के रूप में उपयोग किया जाता था।स्थानीय पुरातत्वविद् मेई-टोवे स्मिसेथ ने इस खोज को अपने करियर का सबसे अनोखा अनुभव बताया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह धन उस समय होने वाले लोहे के व्यापार से कमाया गया होगा, क्योंकि तब इस क्षेत्र में लोहे का बड़े पैमाने पर उत्पादन और यूरोप में निर्यात होता था। फिलहाल मौके पर खुदाई और शोध का काम जारी है। विशेषज्ञों को उम्मीद है कि यहां और भी प्राचीन वस्तुएं या किसी पुरानी बस्ती के अवशेष मिल सकते हैं। इससे पहले नॉर्वे में 2,000 सिक्कों का खजाना मिला था, लेकिन 2,970 सिक्कों की इस बरामदगी ने अब तक के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। वीरेंद्र/ईएमएस 04 मई 2026