ट्रेंडिंग
04-May-2026
...


आंबेडकरनगर(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के आंबेडकरनगर जिले में रविवार देर रात एक ऐसा हृदयविदारक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के अंतर्गत अकबरपुर-जलालपुर मार्ग पर स्थित अशरफपुर भुवा ईंट-भट्ठे के पास हुए इस भीषण एक्सीडेंट में आठ लोगों की जान चली गई। यह हादसा उस वक्त और भी भयावह हो गया जब पहले से हुए एक एक्सीडेंट के घायलों की मदद करने के लिए जुटे ग्रामीणों को एक अनियंत्रित कार ने बेरहमी से रौंद दिया। घटनाक्रम के अनुसार, रविवार रात करीब 11:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई थी। इस टक्कर में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर जमा हो गए और घायलों को प्राथमिक उपचार देने व अस्पताल पहुंचाने की कोशिश करने लगे। अभी लोग राहत कार्य में जुटे ही थे कि जलालपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे खड़े मददगारों की भीड़ को अपनी चपेट में ले लिया। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नगपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य गंभीर घायलों को जिला अस्पताल और फिर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस घटना में जान गंवाने वालों की पहचान कैफी (32), उत्तम कुमार (24), आदित्य कुमार (25), लालचंद (24), राजू गुप्ता (32) और छोटू के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार कार चालक और वाहन का पता लगाया जा सके। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को ही हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। एक ही रात में आठ मौतों की खबर से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है। वीरेंद्र/ईएमएस/04मई 2026