अंतर्राष्ट्रीय
04-May-2026


- सड़कें और स्कूल जलमग्न; मौसम विभाग ने मई में भी भारी बारिश की चेतावनी दी नैरोबी (ईएमएस)। पूर्वी अफ्रीकी देश केन्या इन दिनों कुदरत के भयावह प्रकोप से जूझ रहा है। पिछले एक सप्ताह से जारी मूसलाधार बारिश और उसके बाद आई विनाशकारी बाढ़ ने देश के बड़े हिस्से को अस्त-व्यस्त कर दिया है, जिससे अब तक 18 लोगों की जान जा चुकी है। केन्याई पुलिस और गृह मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इन सात दिनों में जान गंवाने वालों में अधिकांश डूबने के शिकार हुए हैं। गृह मंत्रालय ने बताया कि देशभर में बाढ़ से 54,000 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं, जिनमें अकेले राजधानी नैरोबी के 6,000 परिवार शामिल हैं। बाढ़ के पानी से कई विद्यालय और अस्पताल जलमग्न हो गए हैं, वहीं 17 प्रमुख सड़कों पर आवागमन ठप पड़ गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पश्चिमी रिफ्ट वैली क्षेत्र में भूस्खलन के कारण हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। देश के जलविद्युत बांधों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ताना और अथी नदियों के निचले इलाकों में रहने वाले निवासियों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। केन्या मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि मई के पहले दो सप्ताह में भी सामान्य से अधिक बारिश जारी रह सकती है। गौरतलब है कि मार्च में बारिश का मौसम शुरू होने के बाद से केन्या भारी तबाही झेल रहा है, जिसमें मार्च के अंत तक वर्षा जनित हादसों में 100 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके थे। सतीश मोरे/04मई ---