04-May-2026
...


-गंभीर हालत में जाया गया अस्पताल चेन्नई,(ईएमएस)। सिनेमा से राजनीति के मैदान में किस्मत आजमाने वाले विजय की फैंस फालोइंग जबरदस्त है। उनके चाहने वाले दीवानों की तरह उन पर जान लुटाते हैं, यही वजह है कि जब विजय के हारने की अफवाह फैली तो उनके एक फैंस ने दुखी होकर अपना गला ही काट लिया और आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर घायल अवस्था में के महेंद्रन को कृष्णागिरी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। वैसे तमिलनाडु में सिनेमा और राजनीति का चोली-दामन वाला साथ है। इसे जुनून के तौर पर लिया जाता है जो कभी-कभी मौत के करीब तक ले जाता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कृष्णागिरी में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली यह खौफनाक घटना घटी, जिससे सभी सन्न रह गए। तमिल सुपरस्टार और टीवीके नेता विजय के हारने की अफवाह चली जिससे दुखी हो 28 वर्षीय प्रशंसक के महेंद्रन ने खुदकुशी की कोशिश की। पुलिस ने मीडिया को बताया, उक्त युवक एक्टर विजय का बड़ा प्रशंसक और उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) का कट्टर समर्थक है। सोमवार सुबह मतगणना शुरू होने से पहले ही शहर में यह चर्चा छिड़ी कि विजय चुनाव हार सकते हैं। अपने हीरो के हारने की झूठी अफवाह भी महेंद्रन को बर्दाश्त नहीं हुई और वह मानसिक संतुलन खो बैठा और घर के करीब उसने एक तेज हथियार से अपना गला रेत लिया। गला काट लेने से महेंद्रन खून से लथपथ हो गया, यह देख आसपास के लोग घबरा गए और आनन-फानन में लोगों ने उसे कृष्णागिरी सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों का कहना है, कि युवक के गले का घाव काफी गहरा है, फिलहाल युवक को आईसीयू में गहन निगरानी में रखा गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया। इसके साथ ही मतगणना केंद्रों के आसपास और संवेदनशील क्षेत्रों में भी पुलिस गश्त बढ़ा दी गई, ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न घटे। विजय की पार्टी प्रारंभिक रुझानों में सबसे आगे हारने की अफवाहों से विपरीत थलापति विजय की नई पार्टी टीवीके ने तमिलनाडू में इतिहास बनाने जैसी बढ़त हासिल कर ली है। तमिलनाडू विधानसभा चुनाव की मतगणना के प्रारंभिक रुझानों में विजय की पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। मतगणना जारी है और अंतिम परिणाम आने तक स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। हिदायत/ईएमएस 04मई26