जांजगीर-चांपा (ईएमएस)। जिले में जलीय जीव पर क्रूरता का मामला सामने आया है। मुख्यालय के पास स्थित खोखरा गांव के मनकादाई मंदिर तालाब में रहने वाले करीब 50 किलो वजनी कछुए पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार, कछुआ तालाब किनारे घूम रहा था, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कछुए को तालाब से बाहर निकालकर बचाने का प्रयास किया। घटना के बाद ग्रामीणों ने पशुपालन विभाग के डॉक्टर ओगरे को सूचना दी, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए इलाज करने से मना कर दिया कि यह मामला मत्स्य विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। विभागीय जिम्मेदारी को लेकर हुई इस खींचतान के कारण कछुए को समय पर उपचार नहीं मिल सका, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई। मंदिर समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर कछुए को सुरक्षित बाहर निकाला। समिति के अध्यक्ष राधेलाल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए जलीय जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। - (ईएमएस) 04 मई 2026