क्षेत्रीय
04-May-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पीवी-23 में पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई सामाजिक बैठक अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद के समाधान के लिए 1 मई को गांव के पंचायत भवन के पास समझौता बैठक रखी गई थी। इस बैठक में पीवी-23 और पीवी-37 गांव के कई ग्रामीण मौजूद थे। बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन बातों-बातों में विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल बिगड़ गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन स्थिति काबू से बाहर हो गई। घटना के बाद दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत लेकर पखांजूर थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता विलाश प्रमाणिक (26), निवासी ग्राम पीवी-23 लखनपुर ने बताया कि उनके भैया विक्रम प्रमाणिक और भाभी मनिका प्रमाणिक के बीच अनबन चल रही थी, जिसे सुलझाने के लिए यह बैठक बुलाई गई थी, लेकिन यह बैठक उल्टा विवाद का कारण बन गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)04 मई 2026