क्षेत्रीय
04-May-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले में सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी दिखाना एक युवक को भारी पड़ गया। तमनार थाना क्षेत्र में रिटायर्ड आरक्षक के बेटे ने बाइक को एक पहिए पर चलाते हुए वीडियो बनाया और उसे Instagram पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उस पर 2 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो हुंकराडीपा-तमनार रोड का बताया जा रहा है। युवक की पहचान शाश्वत सिदार (20) के रूप में हुई है, जो कुंजेमुरा गांव का निवासी है। उसके पिता नरेंद्र सिदार रिटायर्ड पुलिसकर्मी हैं। वीडियो में शाश्वत बिना हेलमेट के खतरनाक तरीके से बाइक स्टंट करते नजर आया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच कर युवक की पहचान की और पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वीडियो उसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक पर यातायात नियमों के उल्लंघन के तहत 2 हजार रुपए का चालान काटा। साथ ही उसे समझाइश देते हुए चेतावनी दी कि इस तरह की स्टंटबाजी न सिर्फ कानूनन गलत है, बल्कि जानलेवा भी हो सकती है। मामले में शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करना खतरनाक है और इससे हादसे हो सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे कोई भी हो, नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - (ईएमएस) 04 मई 2026