जांजगीर-चांपा (ईएमएस)। जिले में अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शिवरीनारायण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 15 भैंसें और तस्करी में इस्तेमाल किए गए तीन पिकअप वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 20 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ वाहन मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर ओडिशा के बूचड़खानों की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने राघव इन होटल के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्ध पिकअप वाहनों को रोक लिया। जांच में पाया गया कि प्रत्येक वाहन में 5-5 भैंसों को रस्सियों से बांधकर बेरहमी से ठूंसा गया था। पुलिस ने मौके से ओडिशा के बरगढ़ जिले के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें मुकेश ऐडजा (26), राजेश मांझी (26), निरंजन कोलारी (25), रूपेश कुमार (20) और प्रकाश राणा (32) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मवेशियों को ओडिशा ले जाकर अवैध रूप से तस्करी करने जा रहे थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। - (ईएमएस) 04 मई 2026