धमतरी (ईएमएस)। जिले में सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जहां मोहंदी-मेघा मार्ग पर छिपली पुलिया के पास कार और स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार एक नर्स घायल हो गईं।जानकारी के अनुसार, मगरलोड ब्लॉक के राजपुर उप-स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ नर्स रुद्राणी निषाद मेघा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रही कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रुद्राणी निषाद सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। उन्हें सिर और पैर में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत मगरलोड अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। अस्पताल पुलिस चौकी के अनुसार, मामले की जानकारी दर्ज कर ली गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल घायल नर्स का इलाज जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। - (ईएमएस) 04 मई 2026