निकजाद बोले- ‘होर्मुज पर हम पीछे नहीं हटेंगे और युद्ध-पूर्व की स्थिति में नहीं लौटेगा दुबई,(ईएमएस)। ईरान ने अमेरिका को भेजे नवीनतम प्रस्ताव में दोनों देशों के बीच गतिरोध के लिए जिम्मेदार मुद्दों को 30 दिनों के अंदर सुलझाने का आह्वान किया है उसने कहा कि इसका उद्देश्य युद्धविराम को बढ़ाने के बजाय युद्ध को समाप्त करना है। ईरानी मीडिया के मुताबिक अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा था कि वह युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान के एक नए प्रस्ताव पर मंथन कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने ईरान के साथ कोई समझौता होने की संभावना पर शक भी जताया। रिपोर्ट के मुताबिक खाड़ी देश की ओर से भेजे गए 14 सूत्रीय प्रस्ताव में युद्धविराम की अवधि बढ़ाने के बजाय युद्ध को समाप्त का आह्वान किया गया है। अमेरिका की नौ सूत्रीय योजना के जवाब में दिए गए इस प्रस्ताव में अमेरिका से ईरान पर लगे प्रतिबंध हटाने, नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करने, क्षेत्र से सेना वापस बुलाने और लेबनान में इजराइल के सैन्य अभियानों समेत सभी प्रकार की शत्रुता समाप्त करने का आह्वान किया है। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने पाकिस्तानी मध्यस्थ के जरिये अपना जवाब भेजा है। पाकिस्तान, ईरान और अमेरिका के बीच पहली सीधी वार्ता की मेजबानी कर चुका है। इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को ओमान के अपने समकक्ष बदर अल बुसैदी से बात की, जिन्होंने लड़ाई के नवीनतम दौर से पहले अमेरिका-ईरान वार्ता में पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने होर्मुज को फिर से खोलने की एक नई योजना पेश की है, जहां से दुनिया के तेल और प्राकृतिक गैस व्यापार का करीब पांचवां हिस्सा आमतौर पर गुजरता है। ईरानी संसद के उपाध्यक्ष अली निकजाद ने रविवार को कहा कि ईरान ‘होर्मुज पर अपने रुख से पीछे नहीं हटेगा और युद्ध-पूर्व की स्थिति में वापस नहीं लौटेगा।’ उन्होंने कहा कि होर्मुज इस्लामिक गणराज्य ईरान का है। निकजाद ने कहा कि देश युद्ध के दौरान क्षतिग्रस्त हुए व्यवसायों और संपत्ति की भरपाई के लिए काम कर रहा है, और ट्रंप की नाकेबंदी योजना निश्चित रूप से विफल होगी। नॉर्वे की नोबेल समिति ने ईरान से आग्रह किया कि जेल में बंद नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को उनकी बिगड़ती सेहत के मद्देनजर तत्काल तेहरान में चिकित्सा उपचार के लिए स्थानांतरित किया जाए। सिराज/ईएमएस 04मई26 -----------------------------