ट्रेंडिंग
04-May-2026
...


भागलपुर,(ईएमएस)। बिहार के भागलपुर में 4.7 किलोमीटर लंबे विक्रमशिला सेतु का 34 मीटर हिस्सा देर रात गंगा नदी में गिर गया। गनीमत रही कि जिला प्रशासन ने समय रहते पुल पर ट्रैफिक रोक दिया था, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इस घटना से सीमांचल सहित बिहार के करीब 16 जिलों की कनेक्टिविटी बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे रोजाना करीब 1 लाख लोगों का आवागमन बाधित हुआ है। यूपी ब्रिज कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित पुल की बीते 10 सालों में तीन बार मरम्मत हो चुकी थी और इसकी आखिरी मरम्मत हाल ही में की गई थी। पुल के धंसने को लापरवाही मानकर पथ निर्माण विभाग ने एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को तत्काल निलंबित किया है। बिहार राज्य पुल निगम लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ चंद्रशेखर ने भागलपुर पुलिस और जिला प्रशासन की सजगता की सराहना कर कहा कि उनकी तत्परता से ही एक बड़ी अनहोनी को टाला जा सका। उन्होंने बताया कि पुल के रखरखाव के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) पहले ही भेजी गई थी। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस गंभीर स्थिति को देखकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बात की है और पुल की मरम्मत के काम में भारतीय सेना की मदद मांगी है। इसके साथ ही, लोगों को हो रही परेशानी को कम करने के लिए वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। आशीष दुबे / 04 मई २०२६