जयपुर (ईएमएस)। जयपुर के मनोहरपुर इलाके में आज एक भीषण सड़क हादसा होते-होते रह गया। नेशनल हाईवे पर दौड़ते एक केमिकल से भरे टैंकर के केबिन में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते टैंकर आग के गोले में तब्दील हो गया, जिससे हाईवे पर हड़कंप मच गया। यह हादसा मनोहरपुर के पास दौसा पुलिया के नीचे मुख्य हाईवे पर हुआ। जिस स्थान पर टैंकर में आग लगी, वहां से मात्र 50 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप स्थित था। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो केमिकल टैंकर और पेट्रोल पंप की नजदीकी एक बड़े विस्फोट और जनहानि का कारण बन सकती थी। शाहपुरा नगर परिषद अग्निशमन केंद्र को जैसे ही सूचना मिली, अग्निशमन प्रभारी बाबूलाल गुर्जर के नेतृत्व में तीन दमकलें तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए 12 किलोमीटर की दूरी महज 10 मिनट में तय की और घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। नगर परिषद की तीनों दमकलों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान आसपास के क्षेत्रों की दमकलों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया था। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन टैंकर का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। दमकलकर्मियों की सूझबूझ और फुर्ती ने शाहपुरा में एक बड़ी त्रासदी को होने से रोक लिया। अशोक शर्मा/ 5:30 बजे/ 4 मई 2026