बनासकांठा (ईएमएस)| जिले में एक बार फिर सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। थारा–राधनपुर हाईवे पर हुई एक दर्दनाक दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा इतना गंभीर था कि परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उदरगढ़ा तालुका के निवासी विरम ठाकोर पाटन से खरीदारी कर अपने गांव लौट रहे थे। वे अपनी रेहड़ी (रिक्षा) से घर की ओर जा रहे थे, तभी हाईवे पर अचानक एक पशु सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में उनका वाहन अनियंत्रित हो गया और पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक विरम ठाकोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना की सबसे हृदयविदारक बात यह है कि विरम ठाकोर की बेटी की शादी आगामी 8 मई को तय थी। घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था और खुशियों का माहौल था। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाई बजनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों के अनुसार, विरम ठाकोर परिवार के लिए बेहद मेहनती और जिम्मेदार व्यक्ति थे। उनकी अचानक हुई मृत्यु से न केवल परिवार बल्कि पूरा गांव शोक में डूब गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे पर आवारा पशुओं की समस्या पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और पशु प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। सतीश/04 मई