कोलंबो,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मजबूत बढ़त हासिल करती दिख रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कई इलाकों में संघर्ष कर रही है। इन रुझानों के बीच, श्रीलंका के विपक्ष के नेता सजित प्रेमदासा ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को पश्चिम बंगाल में चुनावी जीत पर बधाई दी है। श्रीलंका के विपक्ष के नेता प्रेमदासा ने एक्स पर लिखा, प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा को पश्चिम बंगाल में चुनावी जीत पर बधाई। यह जनादेश लोगों की इच्छा और लोकतांत्रिक भागीदारी की हमेशा रहने वाली ताकत को दिखाता है। मैं भारत की लगातार तरक्की और स्थिरता की कामना करता हूं। उनकी यह बधाई तब आई है जब भाजपा 293 सीटों में से 190 से अधिक पर लीड कर रही है, जबकि टीएमसी करीब 90 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। टीएमसी के लिए चिंताजनक बात यह है कि उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी सहित दक्षिण बंगाल के झारग्राम और पश्चिम बर्धमान जैसे चार जिलों में उसका खाता भी नहीं खुला है। इन जिलों की सभी सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। विशेषकर आदिवासी बहुल झारग्राम और उत्तर बंगाल के जिलों में, जो कभी टीएमसी के मजबूत गढ़ थे, भाजपा ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, रुझानों में भाजपा 192 सीटों पर आगे है, वहीं तृणमूल कांग्रेस 92 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। एजेयूपी, बीजीपीएम, सीपीआई (मार्क्सवादी) और एआईएसएफ भी कुछ सीटों पर आगे चल रहे हैं। राज्य में दो चरणों में मतदान हुआ था, और कुछ सीटों पर पुनर्मतदान भी कराया गया था, जिसमें दक्षिण 24 परगना की फाल्टा सीट पर अभी भी मतदान होना बाकी है। आशीष दुबे / 04 मई 2026