:: रसगुल्ले की मिठास और झालमुड़ी के चटकारे संग मना भाजपा की जीत का जश्न :: इंदौर (ईएमएस)। तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय का उल्लास इन्दौर में थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर के रामबाग चौराहे पर सोमवार को जीत की खुशियाँ बेहद अनोखे और जायकेदार अंदाज में मनाई गईं। क्षेत्रीय विधायक गोलू शुक्ला की मौजूदगी में आयोजित इस जश्न में कार्यकर्ताओं ने रसगुल्ले की मिठास और झालमुड़ी के चटपटे स्वाद के साथ पार्टी की जीत का परचम लहराया। आमतौर पर राजनीतिक जीत के जश्न मिठाइयों तक सीमित रहते हैं, लेकिन रामबाग चौराहे पर नजारा कुछ अलग था। विधायक गोलू शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और वहाँ मौजूद आम जनता के लिए बंगाल की प्रसिद्ध झालमुड़ी और रसगुल्लों का विशेष प्रबंध किया गया था। इस अनूठे संगम का लुत्फ उठाते हुए कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी। विधायक गोलू शुक्ला ने कार्यकर्ताओं के जोश को बढ़ाते हुए इस ऐतिहासिक जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। रामबाग चौराहे पर घंटों तक चले इस उत्सव के दौरान भारत माता की जय और जीत के नारों की गूँज बनी रही। जश्न के इस अनूठे स्वाद ने राहगीरों का ध्यान भी अपनी ओर खींचा, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। प्रकाश/04 मई 2026