04-May-2026
...


- संभागायुक्त के निर्देश पर जिलों में विशेष उपचार के इंतजाम; लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी :: इंदौर (ईएमएस)। बढ़ती गर्मी और लू के भीषण प्रकोप को देखते हुए इंदौर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े द्वारा पिछले दिनों कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों के बाद संभाग के सभी जिलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला और सिविल अस्पतालों में हीट स्ट्रोक क्लीनिक प्रारंभ कर दिए गए हैं। संभाग के जिला अस्पतालों, सिविल अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में लू से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष बेड आरक्षित किए गए हैं। इन केंद्रों पर आवश्यक दवाइयां, ओआरएस, कूलर और पंखों के साथ पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि मरीजों को त्वरित उपचार मिल सके। संभाग के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य अमला सक्रिय हो गया है। बुरहानपुर जिले में जिला अस्पताल सहित शाहपुर, खकनार, नेपानगर और लालबाग स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक क्लीनिक शुरू किए गए हैं, जहाँ मरीजों के लिए 108 एम्बुलेंस की निःशुल्क सुविधा भी उपलब्ध है। आलीराजपुर में जिला अस्पताल के प्रत्येक वार्ड में दो-दो बेड आरक्षित कर एमडी चिकित्सकों की तैनाती की गई है। वहीं झाबुआ में एचआरआई वार्ड में 5 बेड आरक्षित कर दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। खंडवा सहित धार, बड़वानी, खरगोन और इंदौर में भी लू से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि अत्यधिक गर्मी से सनबर्न, हीट क्रैम्प और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे दोपहर 12 से 3 बजे के बीच अनावश्यक बाहर न निकलें और सिर को कपड़े या छाते से ढककर रखें। लू के लक्षण जैसे तेज बुखार, सिरदर्द या चक्कर आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है। अस्पतालों में तरल पदार्थों जैसे छाछ, ओआरएस और नींबू पानी की उपलब्धता के साथ ही ठंडे वातावरण में उपचार की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रकाश/04 मई 2026