-बंगाल में ऐतिहासिक जीत पर ट्रंप ने दी पीएम मोदी को बधाई नई दिल्ली,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के सियासी अखाड़े में इस बार ऐसा उलटफेर हुआ है जिसकी गूंज सात समंदर पार अमेरिका तक जा पहुंची। बंगाल में पहली बार बीजेपी की प्रचंड जीत और ममता बनर्जी के ‘किले’ के ढहने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को खास अंदाज में बधाई दी। ट्रंप ने इस जीत को ‘ऐतिहासिक और निर्णायक’ बताया है। बंगाल चुनाव के नतीजों ने न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया को चौंका दिया है, क्योंकि जिस राज्य में दशकों तक टीएमसी और वामपंथियों का बोलबाला था, वहां अब बीजेपी का परचम लहरा रहा है। मीडिया रिपोर्ट में व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई के मुताबिक ट्रंप ने पीएम मोदी को इस धमाकेदार जीत के लिए खुद मैसेज भेजकर बधाई दी है। इतना ही नहीं, ट्रंप ने तो यहां तक कह दिया कि भारत खुशकिस्मत है जिसे मोदी जैसे पीएम मिले हैं। ट्रंप का ये खास संदेश साफ बताता है कि बंगाल की इस जीत की गूंज सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है। बता दें 294 सीटों वाली बंगाल विधानसभा में बीजेपी ने 206 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत का आंकड़ा पार किया है। जानकारों की मानें तो यह जीत केवल एक चुनाव की जीत नहीं, बल्कि बंगाल की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत है। इस चुनाव की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर भवानीपुर और नंदीग्राम से आई। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके अपने ही गढ़ भवानीपुर में 15,105 वोटों से हराया। बता दें नंदीग्राम में भी शुभेंदु का जलवा बरकरार रहा। ममता बनर्जी की यह हार टीएमसी के लिए किसी सदमे से कम नहीं है, क्योंकि 10 साल से ज्यादा समय तक बंगाल पर राज करने वाली ‘दीदी’ को उनके सबसे भरोसेमंद रहे सिपाही ने ही शिकस्त दे दी। इस बार बंगाल की जनता ने वोट डालने में जो उत्साह दिखाया, उसने आजादी के बाद के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। पहले चरण में 92.8फीसदी और दूसरे चरण में 91.47फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। सिराज/ईएमएस 06मई26