:: एयरपोर्ट लाउंज से लेकर फूड डिलीवरी तक; ग्राहकों की हर जरूरत के लिए अब होगा एक खास कार्ड :: मुंबई/इंदौर (ईएमएस) बैंकिंग जगत में अपनी आक्रामक पैठ बना रहे एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने सोमवार को क्रेडिट कार्ड बाजार में हलचल पैदा कर दी। बैंक ने एक साथ चार विशेष श्रेणियों के क्रेडिट कार्ड - अनंता, लक्ष्य, तेजस और प्रथमा लॉन्च किए हैं। इन कार्ड्स को विशेष रूप से टियर-1 और टियर-2 शहरों के उन ग्राहकों के लिए डिजाइन किया गया है जिनकी आकांक्षाएं और जीवनशैली तेजी से बदल रही है। इस लॉन्च की सबसे बड़ी और क्रांतिकारी विशेषता उद्योग में पहली बार पेश की गई एक अनूठी सुविधा है जिसके तहत अब कार्डधारक एयू रिवॉर्ड्स पोर्टल के माध्यम से फ्लाइट टिकट बुक करने पर सीधे कॉम्प्लिमेंट्री एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस का लाभ उठा सकेंगे। बैंक का यह कदम सीधे तौर पर उन यात्रियों को लुभाने के लिए है जो यात्रा के दौरान प्रीमियम अनुभव और सरलता की तलाश में रहते हैं। बैंक ने अपने पोर्टफोलियो को हर तरह के ग्राहक की जरूरत के हिसाब से बांटा है जिसमें अनंता कार्ड जहां समृद्ध वर्ग के लिए प्रीमियम ट्रैवल और लाइफस्टाइल लाभ लेकर आया है वहीं लक्ष्य कार्ड को डिजिटल रूप से सक्रिय युवाओं और जेन-जी को ध्यान में रखकर बनाया गया है जिसमें मूवी टिकट पर एक के साथ एक मुफ्त जैसे ऑफर्स शामिल हैं। वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए तेजस कार्ड पेश किया गया है जो कैब बुकिंग और बिल भुगतान पर 10 प्रतिशत तक कैशबैक प्रदान करता है जबकि प्रथमा कार्ड उन लोगों के लिए एक बेहतरीन शुरुआत है जो पहली बार क्रेडिट कार्ड की दुनिया में कदम रख रहे हैं। लॉन्चिंग के दौरान बैंक के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर योगेश जैन ने बताया कि भारत का क्रेडिट कार्ड बाजार अब एक निर्णायक मोड़ पर है और जैसे-जैसे एयू बैंक एक यूनिवर्सल बैंक बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है यह नया पोर्टफोलियो उनके डिजिटल-फर्स्ट विजन और जिम्मेदार बैंकिंग के संकल्प को और मजबूती देगा। विशेषज्ञों का मानना है कि ई-कॉमर्स, फूड डिलीवरी और ट्रैवल सेगमेंट में दिए जा रहे इन विशेष कैशबैक और जीरो प्रोसेसिंग फीस वाली सुविधाओं के दम पर एयू बैंक बड़े निजी बैंकों को कड़ी चुनौती दे सकता है। प्रकाश/06 मई 2026