:: आर्किटेक्ट और डिजाइनरों के लिए एक ही छत के नीचे मिलेंगे 540 से ज्यादा विकल्प :: इंदौर (ईएमएस)। सर्फेस सॉल्यूशंस के क्षेत्र में दुनिया की अग्रणी कंपनी ग्रीनलैम इंडस्ट्रीज ने मध्य भारत के बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करते हुए इंदौर में ग्रीनलैम स्टूडियो के उद्घाटन की घोषणा की है। विजय नगर स्थित सी-21 मॉल के पीछे, देवादित्य ट्रेड एंड लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से शुरू किया गया यह स्टूडियो 800 वर्ग फुट में फैला है, जिसे विशेष रूप से एक एक्सपीरियंस सेंटर के रूप में तैयार किया गया है। इस नवनिर्मित शोरूम का भव्य शुभारंभ देवादित्य ट्रेड एंड लॉजिस्टिक्स के संचालक हेमंत नेगांधी और देव नेगांधी द्वारा किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर ग्रीनलैम के गुजरात और मध्य प्रदेश के रीजनल सेल्स हेड राजीव आर्य सिंह, इंदौर के ब्रांच सेल्स मैनेजर प्रकाश सिंह बघेल सहित शहर के जाने-माने आर्किटेक्ट, बिल्डर और इंटीरियर डिजाइनर्स बड़ी संख्या में मौजूद रहे। ग्रीनलैम इंडस्ट्रीज के कंट्री हेड अनुज सांगल ने इस विस्तार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इंदौर एक ऐसा उभरता हुआ बाजार है जहाँ गुणवत्तापूर्ण डिजाइन और मजबूती की भारी मांग है। इस स्टूडियो का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों और स्थानीय डिजाइनरों को खरीदारी का एक नया और अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्रदान करना है। यहाँ ग्रीनलैम के प्रीमियम कलेक्शंस जैसे लेक्सस, एएफएक्स (एंटी-फिंगरप्रिंट लैमिनेट्स), स्टर्डो और एक्सटीरियर क्लैड पैनल्स की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की गई है। ग्राहकों को डिजाइन परखने में आसानी हो, इसके लिए यहाँ 540 से अधिक फुल शीट्स का विशाल डिस्प्ले लगाया गया है। ग्रीनलैम के इन लैमिनेट्स में एंटी-बैक्टीरियल गुण, स्क्रैच रेजिस्टेंस और अल्ट्रा-मैट फिनिश जैसी खूबियाँ हैं, जो इन्हें घरों और दफ्तरों के लिए टिकाऊ और सुरक्षित बनाती हैं। शहर के बीचों-बीच स्थित होने और पार्किंग की सुगम व्यवस्था के कारण यह स्टूडियो अब सर्फेस डेकोरेशन के लिए शहर का प्रमुख केंद्र बनेगा। प्रकाश/06 मई 2026