:: देवगुराड़िया में कचरा निपटान इकाईयों का अवलोकन : बायो सीएनजी से लेकर लैंडफिल तक देखी व्यवस्था, साफ-सफाई के दिए सख्त निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता के महागुरू इंदौर ने आगामी सर्वेक्षण में अपनी बादशाहत कायम रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने देवगुराडिया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचरा निपटान की विभिन्न इकाईयों की कार्यक्षमता को बारीकी से समझा और आगामी चुनौतियों को देखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रखर सिंह सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। आयुक्त सिंघल ने सबसे पहले बायो सीएनजी प्लांट का अवलोकन किया। उन्होंने प्लांट में प्रतिदिन पहुँचने वाले गीले कचरे की मात्रा और उससे होने वाले गैस उत्पादन का हिसाब लिया। मशीनरी के सुचारू संचालन और तैयार गैस के वितरण की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि प्लांट की क्षमता का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने ग्रीन वेस्ट प्लांट की कार्यप्रणाली को भी देखा और खाद बनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। निरीक्षण के अगले चरण में आयुक्त ने नेप्रा प्लांट का जायजा लिया। यहाँ उन्होंने सूखे कचरे के पृथक्करण और उसके वैज्ञानिक तरीके से निपटान की प्रक्रिया को देखा। आयुक्त ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से कोई समझौता न हो। उन्होंने सी एंड डी वेस्ट (निर्माण एवं ध्वंस अपशिष्ट) प्रबंधन की समीक्षा करते हुए मलबे के सही उपयोग और निपटान के लिए जरूरी निर्देश दिए। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने पूरे ट्रेंचिंग ग्राउंड परिसर और लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ट्रेंचिंग ग्राउंड केवल कचरा निपटान का केंद्र न दिखे, बल्कि यहाँ की स्वच्छता और व्यवस्थाएं भी आदर्श होनी चाहिए। आयुक्त ने आगामी दिनों में पूरे परिसर में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाने और सभी तकनीकी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए ताकि सर्वेक्षण के दौरान शहर का यह महत्वपूर्ण हिस्सा उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।