क्षेत्रीय
06-May-2026
...


जल संचय, जन भागीदारी और जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति कम होने पर सचिव को निलंबित किया गया कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में जनपद पंचायत गोटेगांव में पंचायतों की बैठक सम्पन्न हुई नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को जनपद पंचायत गोटेगांव के सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्य और योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। प्रथम सत्र में कलस्टर श्रीनगर, लाठगांव, सिमरिया, कमोद और द्वितीय सत्र में बरहटा, इमलिया, करकबेल, खमरिया (झॉसीघाट) की बैठक सम्पन्न हुई। आयोजित बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र नागेश, एसडीएम गोटेगांव श्रीमती संघमित्रा गौतम सहित जनपद स्तरीय, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने ग्राम पंचायत जमुनिया में जलसंचय जनभागीदारी एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत प्रचलित कार्यों में प्रगति नही होने पर ग्राम पंचायत सचिव श्री मोतीलाल ठाकुर को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसी प्रकार से मनरेगा के कार्यों में प्रगति नही लाने पर मनरेगा के उपयंत्री श्री कुलदीप विश्वकर्मा को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने कहा कि जिन-जिन ग्राम पंचायतों के सचिव, जीआरएस के द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कोई भी कार्य या गतिविधियां प्रारंभ नही की गई है उनका वेतन काटा जाए। उन्होंने इसी प्रकार से ई-केवायसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम धरती आबा, उत्कृष्ट ग्राम अभियान सहित ग्राम पंचायतों में संचालित योजनाओं में कम प्रगति पाए जाने पर एक माह का वेतन काटने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने आयोजित बैठक में ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना के अंतर्गत प्रगतिरत कार्य, ऑगनबाड़ी केन्द्रों में एक बगिया मॉ के नाम, जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत सोकपिट, कंटूर ट्रेंच, रेनवाटर हार्वेस्टिग, खेत तालाब योजना, डगबेल रिचार्ज, धरती आबा उत्कृष्ट ग्राम अभियान के कार्य, समग्र आईडी, संबल योजना, ई-केवायसी, संपत्ति कर, स्वच्छता कर और नल-जल कर के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बैठक में ग्राम पंचायतों में जल संचय जनभागीदारी के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम पंचायतों की शासकीय भूमि में पौधरोपण करने तथा अतिक्रमण की गई भूमि को मुक्त करने की कार्यवाही करने को कहा। पौधरोपण के दौरान पौधों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने गौशालाओं का संचालन सुव्यवस्थित रुप से करने के निर्देश दिए। पशुओं के लिए चारागाह तैयार करने को कहा। गौशालाओं की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसी प्रकार से ग्राम पंचायतों में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत चल रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। खेत- तालाब योजना के अंतर्गत किसानों को इस योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान ग्राम पंचायतों में लंबित निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। ग्राम पंचायतों के लंबित कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में समग्र आईडी एवं ई-केवायसी की भी समीक्षा की गई। उन्होंने ग्राम पंचायत के प्रत्येक परिवार के लिए समग्र आईडी बनाने तथा सत्यापन और ई-केवायसी कराने के निर्देश दिए। बैठक में निर्देशित किया गया कि प्रधानमंत्री श्रम मानधन योजना से हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए।