क्षेत्रीय
06-May-2026
...


‎- ‎शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ जनमानस उत्साहित- संजय सरावगी ‎- ‎शपथ ग्रहण समारोह के लिए एनडीए के दिग्गज नेताओं का पटना आगमन शुरू, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े पहुंचे पटना, प्रदेश अध्यक्ष सरावगी ने किया स्वागत पटना, (ईएमएस)। बिहार में आज यानी गुरुवार को मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। इसके अलावा, कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए के प्रमुख नेता भी मौजूद रहेंगे। ‎बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने बुधवार को इस शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के साक्षी बनेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत अनेक नेता कार्यक्रम में आएंगे। इस दौरान, एनडीए के नेता भी शामिल होंगे, जिनमें नीतीश कुमार और जीतन राम मांझी भी शामिल हैं। बिहार एनडीए के सभी सांसद और राज्य से आने वाले केंद्रीय मंत्री भी हिस्सा लेंगे। ‎उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बिहार दौरे को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोगों में जबरदस्त उत्साह है। यह माहौल पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और नेतृत्व पर जनता के भरोसे को दर्शाता है। ‎प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत में सड़कों पर भी लोग उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर एक बड़े स्तर पर तैयारी की जा रही है। शपथ ग्रहण का भव्य समारोह होगा। ‎भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि इस शपथ ग्रहण समारोह को लेकर ऐतिहासिक गांधी मैदान को सजाया संवारा जा रहा है। गांधी मैदान में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक विशाल मंच का निर्माण किया जा रहा है और कार्यक्रम के सुचारू संचालन और जनता को असुविधा से बचाने के लिए प्रमुख स्थानों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। ‎पटना में शपथ ग्रहण समारोह के लिए कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों द्वारा जगह-जगह पोस्टर भी लगाए गए हैं। ‎उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने वाले एनडीए के दिग्गज नेताओं का पटना में आगमन शुरू हो गया है। समारोह में भाग लेने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव, राज्यसभा सांसद और बिहार के प्रभारी विनोद तावड़े आज पटना पहुंचे। पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। ‎उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन को लेकर हवाई अड्डे से लेकर गांधी मैदान तक पूरे शहर को झंडों और बैनरों से सजाया गया है। उनके स्वागत में विभिन्न स्थानों पर तोरण द्वार बनाए गए हैं। कार्यक्रम की योजना को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है।