नर्मदापुरम (ईएमएस) । जिला मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक मार्मिक प्रकरण सामने आया, जिसमें आवेदिका श्रीमती प्रियांका चौरे ने अपनी पुत्री के उपचार से जुड़ी समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री का हृदय (हार्ट) ऑपरेशन हो चुका है और ऑपरेशन के पश्चात उसका नियमित इलाज जारी है, जिसके लिए आयुष्मान कार्ड अत्यंत आवश्यक था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नर्मदापुरम को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। निर्देश प्राप्त होते ही एसडीएम नर्मदापुरम ने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया। प्रशासन की सक्रिय एवं त्वरित कार्यवाही के परिणामस्वरूप बालिका का आयुष्मान कार्ड सफलतापूर्वक जनरेट किया गया। इसके पश्चात आवेदिका श्रीमती प्रियांका चौरे को कार्यालय में बुलाकर विधिवत आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। इस त्वरित पहल से बालिका के उपचार में आ रही बाधा दूर हुई है और अब आयुष्मान योजना के तहत उसका उपचार सुगमता से संभव हो सकेगा। साथ ही परिवार पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ भी कम होगा। कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि जनसुनवाई आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच है और प्रशासन हर जरूरतमंद को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।