एक दिन में ही बच्चे को मिला आवासीय विद्यालय में प्रवेश नर्मदापुरम (ईएमएस) । जिला प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब जनसुनवाई के दौरान एक वृद्ध महिला जियावंती अपने 8 वर्षीय पोते कृष्णा धुर्वे के भविष्य को लेकर कलेक्टर सोमेश मिश्रा के समक्ष पहुंचीं। पढ़ने-लिखने में असमर्थ वृद्ध महिला ने बिना लिखित आवेदन के ही अपने पोते की पढ़ाई और आवास की व्यवस्था हेतु मौखिक आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि बच्चे के पिता की भी मृत्यु हो चुकी है और वो ही उसकी देखभाल करती हैं। मामले की गंभीरता को समझते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने तत्काल सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग विवेक नागवंशी को निर्देशित किया कि बच्चे की शिक्षा एवं आवास की समुचित व्यवस्था उसी दिन सुनिश्चित की जाए, ताकि उसे बेहतर शिक्षा और अनुकूल वातावरण मिल सके। कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में सहायक आयुक्त विवेक नागवंशी द्वारा जनसुनवाई में उपस्थित कृष्णा धुर्वे को तत्काल आश्रम शाला, नर्मदापुरम में प्रवेश दिलाया गया। यहां बच्चे को शिक्षा के साथ-साथ आवास एवं भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त कलेक्टर सोमेश मिश्रा द्वारा बच्चे को स्कूल ड्रेस एवं स्कूल बैग भी प्रदान किया गया, जिससे उसकी पढ़ाई की सुगम शुरुआत हो सके। इस अवसर पर क्षेत्र संयोजक हर्षित कौरव एवं आश्रम की अधीक्षिका भी उपस्थित रहीं।