क्षेत्रीय
06-May-2026
...


कटनी (ईएमएस)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बेहतर रैंकिंग प्राप्त करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा तैयारियों को और अधिक गति प्रदान की जा रही है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने स्वच्छ सर्वेक्षण से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है। साथ ही सिटीजन फीडबैक अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित करने कर नगर के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ अभियान से जुड़ने हेतु निर्देशित किया गया है। निगमायुक्त ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता एवं सकारात्मक फीडबैक अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी उद्देश्य से नगर निगम द्वारा वार्डवार विशेष दलों का गठन किया गया है, जिन्हें घर-घर पहुंचकर नागरिकों से संवाद स्थापित करने, स्वच्छता संबंधी जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक सिटिजन फीडबैक सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए विभिन्न वार्डों, बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नागरिकों को स्वच्छ सर्वेक्षण के मापदंडों की जानकारी दे रहे हैं। जिसके तहत बुधवार को जागृति पार्क, सुरम्य पार्क, जिला चिकित्सालय, बस स्टैंड, गोल बाजार सहित नगर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों मंे फीडबैक की कार्यवाही की जाकर नागरिकों से अपील की गई कि वे शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत सकारात्मक फीडबैक प्रदान करें। नगर निगम द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष अभियान केवल सर्वेक्षण में बेहतर अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता विकसित कर जनभागीदारी आधारित स्वच्छ वातावरण तैयार करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। निगम प्रशासन का विश्वास है कि नागरिकों के सहयोग एवं सहभागिता से कटनी नगर निगम स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने में सफल होगा।