पटना, (ईएमएस)। बिहार पुलिस ने अवैध नशीले इंजेक्शन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, कंकड़बाग थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि मलाही पकड़ी के पास नशीले इंजेक्शन का अवैध क्रय-विक्रय किया जा रहा है। सूचना के आधार पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की, जहां से 191 पीस नशीले इंजेक्शन, 19,500 रुपया नकद राशि तथा चोरी/स्नैचिंग के 20 मोबाइल बरामद किए गए। इस दौरान चार आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना परिचय कुमार ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की पुष्टि की और बताया कि मामले की आगे जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं। संतोष झा- ०६ मई/२०२६/ईएमएस