क्षेत्रीय
06-May-2026
...


बुरहानपुर के सुखपुरी में बनेगा नया इंडस्ट्रियल बेल्ट; निमाड़ में जल्द होगा इन्वेस्टर समिट, पुराने और निष्प्रभावी कानून खत्म बुरहानपुर/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए नई भूमि और व्यापक केनवास तैयार किया जा चुका है। अब सरकार और उद्योगपति मिलकर अपनी साझी योजनाओं और पुरुषार्थ से इसमें प्रगति के रंग भरने का कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश की अर्थव्यवस्था तेजी से सशक्त हो रही है और दक्षिण के द्वार के रूप में विख्यात बुरहानपुर इस विकास यात्रा का मुख्य प्रवेश द्वार बनेगा। राज्य सरकार बुरहानपुर की हुनरमंद धरती और यहाँ के उद्यमशील संस्कारों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को बुरहानपुर के परमानंद गोविंदवाला ऑडिटोरियम में आयोजित उद्यमी संवाद को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने बुरहानपुर के सुखपुरी को इंडस्ट्रियल बेल्ट के रूप में विकसित करने और रेहटा क्षेत्र में नए औद्योगिक मार्ग के निर्माण की घोषणा भी की। डॉ. यादव ने बताया कि औद्योगिक विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार 24x7 सक्रिय है। इसी कड़ी में मंत्रिपरिषद ने राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड और जिला स्तरीय समितियों के गठन को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास समितियों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ जन-सामान्य की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। हमारा विजन है कि दुनिया भर में सामग्री की आपूर्ति करने वाले उद्योगपति हमारे अपने देश और प्रदेश के हों। :: कानूनी अड़चनें दूर, उद्योग मित्र नीतियों पर जोर :: संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कानून विकास के मार्ग में निरर्थक और बाधक बन चुके थे, उन्हें खत्म कर दिया गया है। उद्यमियों से संवाद के बाद तुवर दाल पर टैक्स समाप्त किया गया और अब कपास को लेकर भी सकारात्मक विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, कम समय और संसाधनों में जो श्रेष्ठ परिणाम दे, वही सफल उद्यमी है। मुख्यमंत्री ने भारत की उद्यमशीलता की तुलना फीनिक्स पक्षी से करते हुए कहा कि तमाम संघर्षों के बाद भी भारत पुनः ऊंची उड़ान भरने में सक्षम है। :: निमाड़ बनेगा निवेश का नया केंद्र :: बुरहानपुर की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए डॉ. यादव ने बताया कि जिले में एमएसएमई क्षेत्र का टर्नओवर दो वर्षों में ही 436 करोड़ से बढ़कर 802 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में निमाड़ क्षेत्र में भव्य इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बुरहानपुर को पर्यटन, उद्योग और संस्कृति का त्रिवेणी संगम बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रीजनल कॉन्क्लेव के माध्यम से निवेश के प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जा रहा है। कार्यक्रम को विधायक अर्चना चिटनीस और मंजू दादू ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया और उनके उत्पादों की सराहना की। संवाद सत्र में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, एमपीआईडीसी एमडी चंद्रमौलि शुक्ला सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति उपस्थित थे।