तीन थाना क्षेत्रों में वारदात को दिया अंजाम 12 बैटरियां व टवेरा वाहन सहित 7.12 लाख का माल जब्त बालाघाट (ईएमएस). जिले में लगातार हो रही बैटरी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ग्रामीण, लालबर्रा और वारासिवनी थाना क्षेत्रों में सक्रिय गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निलेश खरोले 22 वर्ष निवासी ग्राम बेहरई, थाना लालबर्रा के रूप में हुई है। पुलिस अब उससे जिले के अन्य क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। सीएसपी मयंक तिवारी ने बताया कि जिले के थाना ग्रामीण (नवेगांव), लालबर्रा एवं वारासिवनी क्षेत्र में ट्रैक्टर और डम्पर वाहनों से बैटरियां चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि विरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम तुमड़ीटोला, मगरदर्रा, बोंगाटोला, खोगाटोला, बेलगांव सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में बीते दिनों अज्ञात चोरों द्वारा रात के समय घरों के परिसर और खुले स्थानों में खड़े वाहनों से बैटरियां और डाबर पट्टे चोरी किए जा रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष सूचना तंत्र सक्रिय कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रैक्टर और डम्पर वाहनों की 12 बैटरियां, 6 डाबर पट्टे और घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की टवेरा वाहन क्रमांक एमएच 09 बीएम 5060 को जब्त किया है। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 7 लाख 12 हजार रुपये बताई जा रही है। ऐसे देते थे वारदात को अंजाम आरोपीगण पहले दोपहिया वाहन से ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर रेकी करते थे। इसके बाद देर रात सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रैक्टर और डम्पर वाहनों को निशाना बनाकर उनकी बैटरियां निकाल लेते थे। चोरी के बाद बैटरियों को टवेरा वाहन में रखकर अन्य स्थानों पर छिपा दिया जाता था। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।