बालाघाट (ईएमएस). कलेक्टर मृणाल मीना ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के समीप पुराने आरटीओ कार्यालय स्थल पर निर्मित हो रहे नवीन कार्यालय भवन एवं पुनर्घनत्वीकरण योजना के अंतर्गत सिविल लाइन क्षेत्र में बनाए जा रहे आवासीय भवनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शेष निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के समय मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के कार्यपालन यंत्री जयंत देशमुख तथा निर्माण एजेंसी मेसर्स रायसिंह एंड कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पुराने आरटीओ कार्यालय के स्थान पर निर्मित हो रहा नवीन भवन लगभग पूर्णता की ओर है। इस भवन में प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ इकाई क्रमांक- 1 एवं 2, लोक निर्माण विभाग (पीआईयू), सेतु निर्माण संभाग तथा नगर विकास प्लानिंग कार्यालयों को स्थानांतरित किया जाना प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त निजी भवनों में संचालित अन्य शासकीय कार्यालयों को भी यहां शिफ्ट किया जाएगा। कलेक्टर मीना ने निर्देश दिए कि शेष कार्य जल्द पूरा कर सभी कार्यालयों को मई माह में ही नए भवन में स्थानांतरित किया जाए। इसके पश्चात कलेक्टर ने सिविल लाइन क्षेत्र में पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत निर्मित हो रहे आवासीय भवनों का निरीक्षण किया। यहां एच टाइप के 20 एवं आई टाइप के 20 आवासों का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। उन्होंने शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर कर्मचारियों को आवास आवंटित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इन आवासों में कर्मचारियों के स्थानांतरण के बाद मुलना स्टेडियम के समीप स्थित पुराने एवं जर्जर आवासों को हटाया जा सकेगा, जिससे प्रस्तावित स्विमिंग पूल निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सकेगी।