द बीस्ट के काफिले की एसयूवी पहुंचीं चीन बीजिंग(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आगामी चीन यात्रा को लेकर बीजिंग में सुरक्षा तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। 14 मई को होने वाले ऐतिहासिक अमेरिका-चीन शिखर सम्मेलन से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति के काफिले की विशिष्ट गाड़ियां बीजिंग की सड़कों पर नजर आने लगी हैं। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में अमेरिकी नंबर प्लेट वाली काले रंग की भारी-भरकम एसयूवी देखी गई हैं, जो अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के बेड़े का हिस्सा हैं। दक्षिण चीन के प्रमुख मीडिया माध्यमों के अनुसार, ये सुरक्षा वाहन दुनिया की सबसे सुरक्षित कार मानी जाने वाली द बीस्ट के अग्रिम काफिले का हिस्सा हैं। इन विशेष एसयूवी को अमेरिका से विशालकाय सी-17 ग्लोबमास्टर सैन्य परिवहन विमानों के जरिए बीजिंग लाया गया है। ये गाड़ियां सामान्य नहीं हैं, बल्कि भारी स्टील आर्मर और बुलेटप्रूफ ग्लास से लैस हैं। हालांकि, राष्ट्रपति की मुख्य लिमोजिन द बीस्ट का अभी बीजिंग पहुंचना बाकी है। राष्ट्रपति ट्रंप की आधिकारिक कार द बीस्ट सुरक्षा के लिहाज से किसी किले से कम नहीं है। लगभग 14.2 करोड़ रुपये की लागत वाली यह लिमोजिन बम धमाकों और सीधी गोलीबारी को झेलने के लिए डिजाइन की गई है। करीब 9,100 किलो वजन वाली यह कार ट्रक के चेसिस पर आधारित है और इसकी बॉडी स्टील, टाइटेनियम, एल्यूमिनियम और सिरेमिक जैसे अभेद्य पदार्थों से बनी है। इसके खिड़की के शीशे 7.6 सेंटीमीटर मोटे बुलेटप्रूफ ग्लास के हैं और टायर रन फ्लैट तकनीक वाले हैं, जो फटने के बाद भी कार को तेज रफ्तार से दौड़ने में सक्षम बनाते हैं। इस कार का केबिन पूरी तरह सील्ड रहता है, जो बाहरी हवा से प्रभावित नहीं होता। केमिकल अटैक की स्थिति में इसमें अलग से ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था है। इसके अलावा, कार में नाइट विजन, स्मोक स्क्रीन और आंसू गैस छोड़ने की क्षमता के साथ-साथ इलेक्ट्रिफाइड डोर हैंडल जैसे फीचर्स भी हैं। सुरक्षा के साथ-साथ यह एक मोबाइल कमांड सेंटर भी है, जिससे राष्ट्रपति परमाणु कोड्स तक एक्सेस कर सकते हैं। आपात स्थिति के लिए कार में राष्ट्रपति के ब्लड ग्रुप का सैंपल भी हमेशा मौजूद रहता है। ट्रंप का पूरा काफिला 30 से 50 गाड़ियों का होता है, जिसमें एम्बुलेंस, जैमर्स और काउंटर-अटैक टीमें शामिल होती हैं। मौजूदा वैश्विक तनाव के बीच ट्रंप और चीनी नेतृत्व की यह मुलाकात सामरिक और कूटनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है, यही कारण है कि सुरक्षा के ऐसे अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/07मई 2026