-पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर की सेना के शौर्य की तारीफ नई दिल्ली,(ईएमएस)। पीएम नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने के अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य की तारीफ की और आतंकवाद के विरुद्ध भारत के कड़े रुख को दोहराया। पीएम ने स्पष्ट संदेश दिया कि भारत न केवल आतंकवाद को हराने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि उसे पोषित करने वाले पूरे तंत्र को नष्ट करने के संकल्प पर आज भी अडिग है। पीएम मोदी ने कहा कि एक साल पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बेजोड़ साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने पहलगाम में निर्दोष लोगों पर हमला करने की हिमाकत करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया और पूरा देश भारतीय बलों के शौर्य को सलाम करता है। पीएम ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि साथ ही इस अभियान ने भारतीय सुरक्षा बलों के बीच बढ़ती एकजुटता को प्रदर्शित किया और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए किए गए प्रयासों से देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को मिली मजबूती को रेखांकित किया। ऑपरेशन सिंदूर को तीनों रक्षा बलों द्वारा सीमा सुरक्षा बल के साथ पश्चिमी सीमा पर 7 से 10 मई, 2025 तक पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादी और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए अंजाम दिया गया था। यह अभियान 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में चलाया गया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। मृतकों में अधिकतर पर्यटक थे। सिराज/ईएमएस 07मई26