क्षेत्रीय
07-May-2026
...


जांजगीर (ईएमएस)। जिले में चांपा–कोरबा मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार हाइवा और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गिट्टी से लदा हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में कार सवार कुल 9 लोग घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल चांपा के बी.डी.एम. अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग कोरबा से चांपा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उन्हें वहां से पश्चिम बंगाल के लिए ट्रेन पकड़नी थी। जैसे ही उनकी कार सिवनी रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रहे गिट्टी से लदे एक तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हाइवा चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और हाइवा सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें लदी पूरी गिट्टी सड़क पर बिखर गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घायलों में मुरली राय, सुमन डहारी, नीतीश यादव, तुषार राय और इंद्रजीत राय के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि मोहितेश राय, जयंत राय, मधुसूदन सिंह राय और सूरज यादव को हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराने में जुट गई। वाहन को हटाने और सड़क पर फैली गिट्टी को साफ करने का काम भी शुरू किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से। - (ईएमएस) 07 मई 2026