कांकेर(ईएमएस)। जिले के लोहत्तर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिवनी के पास हुए सड़क हादसे में एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, लोहत्तर निवासी गौतम औरसा सिवनी बाजार से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान ट्रक क्रमांक CG 08 L 2786 के चालक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल गौतम औरसा को तत्काल इलाज के लिए भानुप्रतापपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)07 मई 2026