क्षेत्रीय
07-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। जिले के शासकीय अस्पताल सिम्स में इलाज के दौरान एक आदिवासी युवक की मौत के बाद मामला गरमा गया है। परिजनों और सर्व आदिवासी समाज ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन किया जाएगा। - हादसे के बाद अस्पताल में कराया गया था भर्ती जानकारी के अनुसार, रतनपुर क्षेत्र के ग्राम लछनपुर, पंचायत पैडरवा निवासी महेश सिंह राज (30) शनिवार 2 मई की शाम सडक़ हादसे में घायल हो गए थे। परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद युवक को गंभीर हालत में नहीं, बल्कि होश की स्थिति में तत्काल सिम्स अस्पताल लाया गया था। आरोप है कि अस्पताल में भर्ती करने के बाद डॉक्टरों ने सही इलाज नहीं किया और लापरवाही बरती गई। इसी दौरान रविवार 3 मई की दोपहर करीब 3 बजे युवक की मौत हो गई। - सर्व आदिवासी समाज में नाराजगी घटना के बाद सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। समाज का कहना है कि यदि युवक को समय पर और सही उपचार मिलता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। इसे चिकित्सकीय लापरवाही का गंभीर मामला बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। - कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन समाज की ओर से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कई मांगें रखी गई हैं। इनमें— सिम्स के जिम्मेदार डॉक्टरों और प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच। दोषियों को दंडित करने की मांग। पीडि़त परिवार को उचित मुआवजा। परिवार को न्याय और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। - कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन सर्व आदिवासी समाज ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। समाज ने कहा कि आंदोलन की स्थिति बनने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी सिम्स प्रबंधन और जिला प्रशासन की होगी। - 07 मई 2026