ट्रेंडिंग
07-May-2026
...


-सनटेक सिटी प्रोजेक्ट के सिलसिले में मोहाली और चंडीगढ़ में 12 जगह तलाशी ली चंडीगढ़,(ईएमएस)। प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को पंजाब के सीएम भगवंत मान के ओएसडी के करीबी सहयोगियों के पंजाब के एसएएस नगर और चंडीगढ़ स्थित तीन ठिकानों की तलाशी ली। खरड़ स्थित एक आवासीय सोसायटी वेस्टर्न टावर्स में छापेमारी के दौरान ईडी ने दो बैग जब्त किए, जिनमें करीब 20 लाख कैश थे। इन बैगों को इमारत की नौवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया गया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईडी के अधिकारियों ने खरड़ के पास छज्जू माजरा स्थित वेस्टर्न टावर्स के फ्लैट नंबर 906 में जांच के लिए जैसे पहुंचकर नकदी से भरे उन बैगों को अपने कब्जे में ले लिया। एक अधिकारी ने बताया कि फ्लैट में मौजूद लोगों ने तुरंत नकदी से भरे दो बैग नीचे फेंक दिए। ईडी अधिकारियों ने तत्काल उन बैगों को अपने कब्जे में ले लिया और मौके पर बिखरे हुए नोटों के बंडलों को इकट्ठा कर लिया। ईडी ने सनटेक सिटी प्रोजेक्ट के सिलसिले में मोहाली और चंडीगढ़ में 12 जगहों पर तलाशी ली है। इस मामले में अजय सहगल, एबीएस टाउनशिप्स प्राइवेट लिमिटेड, एटलस बिल्डर्स, धीर कंस्ट्रक्शंस और उनके सहयोगी शामिल हैं। इन पर जीएमएडीए से सीएलयू लाइसेंस लेने में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी करने और जनता को धोखा देकर सैकड़ों करोड़ रुपए ठगने का आरोप है। ईडी नितिन गोहल के ठिकानों पर भी तलाशी ले रही है, क्योंकि उन पर आरोप है कि वह उन बिल्डरों की मदद कर रहे हैं जिन्होंने जीएमएडीए की फीस का भुगतान नहीं किया है और वह उनके लिए राजनीतिक संरक्षण का इंतजाम कर रहे हैं। वह सीएम मान के ओएसडी राजबीर घुमन के करीबी सहयोगी हैं। नितिन गोहल पर पंजाब सीएमओ की ओर से एक संपर्क अधिकारी के तौर पर काम करने का भी शक है। सिराज/ईएमएस 07मई26