:: सेजवाया-लेबड़ में ग्रामीणों से रूबरू हुए अनुपम राजन; बोले- किसानों को न हो तौल में परेशानी :: धार/इंदौर (ईएमएस)। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण अंचलों में पानी की किल्लत और किसानों की उपज गेहूं की खरीदी का हाल जानने के लिए शासन के आला अफसर मैदान में उतरे हैं। गुरुवार को अपर मुख्य सचिव और इंदौर संभाग के प्रभारी अनुपम राजन धार जिले के प्रवास पर पहुँचे। उन्होंने इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जल जीवन मिशन और समर्थन मूल्य पर जारी गेहूं उपार्जन की जमीनी हकीकत जानी। अपर मुख्य सचिव राजन ने सेजवाया और लेबड़ क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति और योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। उन्होंने किसी दफ्तर में बैठकर फाइलें देखने के बजाय सीधे ग्रामीणों के बीच जाकर चर्चा की। ग्रामीणों ने उत्साह के साथ बताया कि पिछले दो वर्षों से पंचायत के माध्यम से योजना सुचारू रूप से चल रही है और उन्हें पर्याप्त पानी मिल रहा है। इस दौरान राजन ने जल कर की वसूली को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए ताकि योजना का सुचारू रखरखाव बना रहे। बाकसाना और लेबड़ के उपार्जन केंद्रों पर पहुँचे अपर मुख्य सचिव ने व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से भुगतान की स्थिति और स्लॉट बुकिंग में आने वाली समस्याओं पर बेबाक राय मांगी। अधिकारियों को दो टूक लहजे में हिदायत दी गई कि केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि किसानों को धूप में लंबा इंतजार न करना पड़े। साथ ही खरीदे गए अनाज का समय पर परिवहन सुनिश्चित करने और पर्याप्त बारदाना उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। दौरे के दौरान राजन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्रों पर आने वाले अन्नदाताओं के लिए छायादार स्थान और ठंडे पेयजल की पुख्ता व्यवस्था हो। उन्होंने एफएक्यू मापदंडों के कड़ाई से पालन पर भी जोर दिया। इस मौके पर धार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी सहित खाद्य और पीएचई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रकाश/07 मई 2026