राज्य
07-May-2026


* ओडिशा से कालावड़ पहुंचने से पहले राजकोट ग्रामीण एसओजी की बड़ी कार्रवाई, 84.65 लाख का मुद्दामाल जब्त राजकोट (ईएमएस)| जिले के जसदण इलाके में ग्रामीण एसओजी ने “नशे को ना कहें” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा ले जा रहे एक ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गांजा ओडिशा से कालावड़ लाया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक विजयसिंह गुर्जर के निर्देश पर नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान ग्रामीण एसओजी को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजे की खेप जसदण क्षेत्र से गुजरने वाली है। एसओजी टीम ने शिवराजपुर गांव से घेला-सोमनाथ जाने वाले मार्ग पर स्थित जय विहलनाथ होटल के पास एक मालवाहक ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 108 किलो 331 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 54.16 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल फोन, ट्रक और गांजा समेत कुल 84.65 लाख रुपये का मुद्दामाल जब्त किया। गिरफ्तार आरोपियों में राजू ईश्वरभाई चौहाण (निवासी राजपरा-बोटाद), कादरशा अलियास कादरबापू शेख (निवासी कश्मीर पारा-कालावड) और नरेश अलियास हरि लिंबाचिया (निवासी राजपरा-बोटाद) शामिल हैं| पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजे की खेप मोहमद रफीक अशरफ लोदी और अब्दुललतीफ ओसमान सामा ने मंगवाई थी। वहीं यह माल ओडिशा के अलेखा बेहरा से खरीदा गया था। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों और सप्लायर की तलाश में जुटी हुई है। सतीश/07 मई