:: सीसीटीवी कैमरों की डिजिटल घेराबंदी में फंसा गिरोह; कार, मोटरसाइकिल और बकरे सहित 15 लाख का माल बरामद :: देवास/इंदौर (ईएमएस)। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए देवास पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्रम् को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने मोटरसाइकिल और पशु चोरी करने वाले एक संगठित कंजर गिरोह का पर्दाफाश किया है। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने इस गिरोह के 6 सदस्यों (एक विधि विरुद्ध बालक सहित) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, 1 और 2 मई की मध्यरात्रि में ग्राम गदेशिया पिपलिया, संजयनगर और हवनखेड़ी क्षेत्र से लगातार मोटरसाइकिलें और पशु चोरी होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत शहर और संवेदनशील मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। डिजिटल फुटप्रिंट्स के विश्लेषण से यह साफ हो गया कि इन सभी वारदातों के पीछे टोंककला क्षेत्र के एक ही गिरोह का हाथ है। सटीक सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने प्रभावी दबिश दी और गिरोह के 5 आरोपियों सहित एक किशोर को हिरासत में लिया। आरोपियों के पास से चोरी की गई 4 मोटरसाइकिलें, वारदातों में प्रयुक्त 1 कार और 2 बकरे बरामद किए गए हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई जा रही है। :: पूछताछ में खुल सकते हैं अन्य मामले :: आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इनसे कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे जिले में हुई अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे होने की पूरी संभावना है। देवास पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि तकनीक और सतर्कता के समन्वय से अपराधियों का बचना नामुमकिन है। प्रकाश/07 मई 2026