:: राजवाड़ा से लेकर रोबोट चौराहे तक ड्रोन ने संभाली कमान; पीए सिस्टम से दी चेतावनी, जाम खुलवाने में मिली मदद :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर की सड़कों पर यातायात को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस अब आसमान से निगरानी कर रही है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में यातायात पुलिस ने आधुनिक तकनीक का दायरा बढ़ाते हुए ड्रोन सर्विलांस को अपनी कार्ययोजना का मुख्य हिस्सा बनाया है। गुरुवार को पीक आवर्स के दौरान शहर के चारों जोनों में ड्रोन टीमों ने प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर सघन निगरानी की, जिससे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मच गया। :: इन प्रमुख क्षेत्रों में चला ऑपरेशन ड्रोन :: पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में आज शहर के अति व्यस्ततम इलाकों में ड्रोन से मॉनिटरिंग की गई। इसमें मुख्य रूप से ये क्षेत्र शामिल रहे: मध्य क्षेत्र: राजवाड़ा, जवाहर मार्ग, खजूरी बाजार और सराफा। नदी क्षेत्र: संजय सेतु, नंदलालपुरा, मृगनयनी और रिवर साइड। पूर्वी क्षेत्र: पलासिया, एमजी रोड, इंडस्ट्री हाउस और गिटार तिराहा। आउटर रिंग रोड: रोबोट चौराहा, एलआईजी, रेडिसन, रसोमा और स्टार चौराहा। :: अनाउंसमेंट से दी चेतावनी, जाम पर तुरंत प्रहार :: ड्रोन की खासियत यह रही कि इसमें लगे पीए (पब्लिक एड्रेस) सिस्टम के माध्यम से हवा से ही अनाउंसमेंट किए गए, जिससे वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक किया गया। ड्रोन सर्विलांस टीम को जहाँ भी जाम या बाधित यातायात की स्थिति नजर आई, उसकी सूचना तुरंत वायरलेस के जरिए कंट्रोल रूम को दी गई। कंट्रोल रूम ने नजदीकी ट्रैफिक पॉइंट को अलर्ट कर रिकॉर्ड समय में यातायात सुचारू कराया। :: ड्रोन इनपुट पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई :: ड्रोन से प्राप्त लाइव इनपुट के आधार पर सड़कों पर तैनात यातायात पुलिस की टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की। पुलिस का मानना है कि ड्रोन के माध्यम से उन ब्लाइंड स्पॉट्स और संकरी गलियों पर भी नजर रखना आसान हो गया है, जहाँ अमला नहीं पहुँच पाता। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में ड्रोन सर्विलांस का यह दायरा और अधिक विस्तारित किया जाएगा ताकि इंदौर का ट्रैफिक आदर्श बन सके। प्रकाश/07 मई 2026