:: कनाडिया पुलिस की कार्रवाई: फिंगर फैक्ट्री के पास घेराबंदी कर दबोचा; कनाडिया और देवगुराड़िया ब्रिज के पास की थीं लूट की वारदातें :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में राहगीरों को निशाना बनाने वाले शातिर बदमाशों के खिलाफ इंदौर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशों के बाद कनाडिया पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग करने वाले एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने लूटे गए दो महंगे मोबाइल, खुडैल क्षेत्र से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल और वारदातों में इस्तेमाल होने वाला अवैध चाकू जब्त किया है। थाना प्रभारी सहर्ष यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिचौली हप्सी रोड स्थित फिंगर फैक्ट्री के पास एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर खड़ा है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी अखिलेश सिंह रावत (निवासी रामूखेड़ी, खुडैल) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। सघन पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह बिना नंबर की एचएफ डीलक्स बाइक से सुनसान रास्तों पर पैदल चलने वाले राहगीरों का मोबाइल छीनकर फरार हो जाता था। :: कुत्ते को टहला रहे राहगीर और बाइक सवार को बनाया था शिकार :: जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने 3 मई को कनाडिया क्षेत्र में एक व्यक्ति से उस समय सैमसंग का अल्ट्रा मोबाइल छीना था, जब वह अपने डॉग को घुमाने निकला था। उसी दिन आरोपी ने देवगुराड़िया ब्रिज के पास बाइक रोककर फोन पर बात कर रहे एक अन्य व्यक्ति सुनील का विवो मोबाइल भी लूटा था। पुलिस ने दोनों मामलों में बीएनएस की धारा 304(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। :: 2.15 लाख का माल बरामद :: पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद कुल मश्रुका की कीमत लगभग 2,15,000 रुपये बताई है। आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी सहर्ष यादव, प्रधान आरक्षक अरुण यादव, आरक्षक जंगजीत, मनोज पटेल और अमित भदौरिया सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। आरोपी से अब अन्य थाना क्षेत्रों में हुई वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। प्रकाश/07 मई 2026