07-May-2026


:: विजय नगर पुलिस ने 150 सीसीटीवी कैमरे खंगालकर चन्द घंटों में दबोचा मास्टरमाइंड; सवा लाख से अधिक की नकदी बरामद :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के पॉश इलाके विजय नगर में एक ऑफिस में हुई चोरी का पुलिस ने महज चन्द घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। वारदात का मास्टरमाइंड कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि उसी ऑफिस का एक पूर्व कर्मचारी निकला, जिसे हाल ही में काम से हटाया गया था। नौकरी जाने के बदले और गुस्से की आग में जल रहे इस युवक ने दराज में रखे 1.70 लाख रुपये पार कर दिए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की अधिकांश राशि बरामद कर ली है। घटनाक्रम के अनुसार, 5 मई को पुष्प विहार एक्सटेंशन निवासी दीपक काले ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एन.आर.के. बिज पार्क स्थित उनके ऑफिस से अज्ञात चोर ने 1,70,000 रुपये चुरा लिए हैं। थाना प्रभारी चन्द्रकांत पटेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित की। पुलिस ने मल्टी के 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति हेलमेट और रुमाल से चेहरा ढँककर ऑफिस में घुसते और निकलते हुए दिखाई दिया। :: बदले की भावना ने बनाया अपराधी :: साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की सक्रियता से आरोपी की पहचान संजय बड़ोदिया (28 वर्ष) के रूप में हुई। हिरासत में लेकर जब संजय से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसे कुछ दिन पहले ही नौकरी से निकाला गया था, जिससे वह काफी नाराज था। इसी का बदला लेने के लिए उसने ऑफिस की रेकी की और मौका पाकर दराज साफ कर दी। :: 1.50 लाख रुपये बरामद :: पुलिस ने आरोपी के घर दबिश देकर चोरी की गई राशि में से 1,50,000 रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। शेष 20,000 रुपये आरोपी ने खान-पान और वाहन सुधरवाने में खर्च कर दिए थे। इस सफल कार्रवाई में सउनि राजबीर सिंह मावई, प्रआर. मुकेश, शंशांक और साइबर सेल के आरक्षक प्रवीण व विनीत की विशेष भूमिका रही। :: पुलिस की नसीहत- वेरिफिकेशन है जरूरी :: विजय नगर पुलिस ने इस घटना के बाद आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों और नौकरों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से करवाएं। साथ ही, पूर्व कर्मचारियों के व्यवहार पर भी नजर रखें और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करें। प्रकाश/07 मई 2026