क्षेत्रीय
08-May-2026
...


- विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले में आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा 27 अप्रैल से 11 मई तक विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। “सही दवा, शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के अंतर्गत संचालित इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान गुपचुप सेंटर, गन्ना जूस सेंटर, डेयरी दुकान तथा राशन दुकानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान करतला क्षेत्र से चावल, नमक एवं शक्कर के नमूने लिए गए। वहीं जेलगांव स्थित एक संस्थान से मिक्सचर, मेन रोड कोरबा स्थित संस्थान से धनिया पाउडर और मिर्च पाउडर के नमूने संग्रहित किए गए। इसके अलावा 100 बिस्तर अस्पताल की कैंटीन से चावल और दाल के नमूने लेकर परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इसमें खाद्य लाइसेंस को प्रतिष्ठान में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना, परिसर में साफ-सफाई बनाए रखना, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों का विक्रय नहीं करना, नियमित पेस्ट कंट्रोल कराना तथा कर्मचारियों का समय-समय पर मेडिकल परीक्षण कराना शामिल है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। - 08 मई