खेल
08-May-2026


मुम्बई (ईएमएस)। आईपीएल फ्रैंचाइजी मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए रायपुर पहुंचे। पंड्या के यहां पहुंचते ही उन अटकलों पर विराम लग गया जिसमें टीम में मतभेदों की बात कही जा रही थी। मुम्बई की टीम रविवार को यहां आरसीबी से खेलेगी। टीम अभी पलेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए संघर्ष कर रही है। पंड्या के रायपुर पहुंचने से साफ है कि वह मैच के फिट हो गये होंगे। पंड्या की पीठ में सोमवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हुए मुकाबले में खिंचाव आ गया था। इसके बाद से ही उन्हें आराम करने की सलाह दी गई थी। मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया में पंड्या के रायपुर पहुंचने की तस्वीर साझा कर इस बात की पुष्टि की। पंड्या के लिए सत्र अब तक अच्छा नहीं रहा है। वह पहले दो मैच फिट नहीं होने के कारण खेल नहीं पाये। अब आरसीबी के खिलाफ होने वाले निर्णायक मुकाबले में उनके खेलने का फैसला टीम मेडिकल टीम और फिजियो नितिन पटेल की रिपोर्ट के बाद लिया जाएगा। पंड्या अगर इसमें नहीं खेल पाते हैं तो ये टीम के लिए करारा झटका होगा। मुम्बई को अगर प्लेऑफ में जगह बनानी है तो इस मैच के साथ ही आने वाले सभी मुकाबले जीतने होंगे। मुंबई इंडियंस वर्तमान में अंक तालिका में नौवें स्थान पर है, जिसने 10 मैचों में से केवल 3 में जीत हासिल की है और 7 में हार का सामना किया है। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए उन्हें अपने शेष सभी मैच अनिवार्य रूप से जीतने होंगे। एक भी हार उनके लिए टूर्नामेंट का सफर समाप्त कर सकती है। इस लिहाज से 10 मई को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होने वाला मुकाबला मुंबई के लिए निर्णायक साबित होगा। ईएमएस 08मई 2026