राष्ट्रीय
08-May-2026
...


-कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से की मुलाकात नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर केरल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और पार्टी से जुड़े घटनाक्रमों पर चर्चा की। थरूर ने इस मुलाकात को लेकर कहा कि अनुभवी और स्पष्ट विचारों वाले वरिष्ठ नेता से विचार साझा करना हमेशा अच्छा होता है। थरूर ने एक्स पर पोस्ट में लिखा- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलकर मैंने उन्हें केरल के हालात के बारे में अपनी राय बताई और पार्टी से जुड़े हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा की। इस मजबूत, बेबाक और अनुभवी दिग्गज नेता के साथ अपने विचार साझा करना हमेशा अच्छा लगता है। इसके अलावा शशि थरूर ने स्थानीय नेताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से विजयी विधायक सी पी जॉन को जीत पर बधाई दी। थरूर ने पोस्ट में विधायक जॉन के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से जीतने वाले विधायक सीपी जॉन को उनकी शानदार जीत पर व्यक्तिगत रूप से बधाई देना अच्छा लगा। पिछली बार चुनावों में हमें निराशा हाथ लगी थी, लेकिन इस बार जीत हासिल हुई है। थरूर ने लिखा- तिरुवनंतपुरम में विजयी विधायकों एन शक्तन और वी टी बलराम से मिलकर उन्हें उनकी जीत पर बधाई देना बहुत अच्छा लगा। केरल को एकजुट होकर आगे ले जाने के लिए अनुभव और युवा शक्ति का मेल जरूरी है। इसके अलावा थरूर ने वलियाथुरा में आयोजित पांच-ए-साइड फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन सत्र में भाग लिया। थरूर ने पोस्ट में लिखा, हमारे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के ऐसे अवसर मिलते देखकर बहुत खुशी हुई। सिराज/ईएमएस 08मई26