राष्ट्रीय
08-May-2026
...


-सांसद महुआ मोइत्रा के साथ विमान में हुई बदसलूकी पर भड़के संजय सिंह नई दिल्ली,(ईएमएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा के साथ विमान में हुई बदसलूकी की विपक्ष के नेताओं ने आलोचना की है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह महुआ के साथ हुई बदसलूकी को लेकर बीजेपी पर भड़क उठे। उन्होंने भाजपाइयों का काम बताते हुए कहा कि इतनी गुंडागर्दी नहीं दिखानी चाहिए। महुआ के सामने विमान में टीएमसी चोर-चोर और जय श्रीराम के नारे लगाए गए थे। संजय सिंह ने मोइत्रा की ओर से अपलोड किए गए वीडियो को साझा करते हुए बीजेपी पर आक्रोश जाहिर किया। उन्होंने कहा कि ये क्या गुंडागर्दी चल रही है देश में? लोकसभा की महिला सांसद महुआ मोइत्रा के साथ विमान में अभद्रता ये साबित करता है की बीजेपी का अहंकार चरम पर है। इतनी गुंडागर्दी न दिखाओ भाजपाइयों, अहंकार तो रावण का नहीं चला तो तुम क्या चीज हो? बेईमानी से चुनाव जीत कर इतना न उछलो बीजेपी वालों। रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिम बंगाल में कृष्णानगर से लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली आने के दौरान इंडिगो की उड़ान में उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। मोइत्रा ने एक्स पोस्ट में कहा कि यह घटना इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 719 में हुई। मोइत्रा ने एक वीडियो साझा करते हुए लिखा- मैं आज आधिकारिक काम से रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली आई थी। मैं उड़ान में सीट नंबर 1एफ पर बैठी थी। चार-पांच लोग विमान में सवार हुए और मुझे घूरते हुए पिछले हिस्से में चले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि विमान के हवाई अड्डे पर उतरने के बाद और विमान के दरवाजे खुलने से पहले उन लोगों ने उन्हें परेशान किया और इस घटना का वीडियो बनाया। मोइत्रा ने कहा कि यह कोई नागरिकों का गुस्सा नहीं है। यह उत्पीड़न है और विमान में मेरी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। किसी भी हालत में ये बदमाश विमान के अंदर इस तरह का उत्पीड़न करके बच नहीं सकते। मोइत्रा ने कहा कि उन्होंने घटना को नजरअंदाज करते हुए बैठक में भाग लिया था, लेकिन वायरल हुए वीडियो को देखने के बाद उन्होंने इस मुद्दे को उठाने का फैसला किया। मोइत्रा ने कहा कि वह विमानन कंपनी को औपचारिक शिकायत भेजेंगी। विपक्षी दलों के कई नेताओं ने मोइत्रा की पोस्ट को साझा करते हुए घटना की आलोचना की है। सिराज/ईएमएस 08मई26