08-May-2026
...


- भूपेंद्र पटेल बोले - संस्कार, आध्यात्मिकता और आधुनिक शिक्षा से तैयार होगी विकसित भारत की भावी पीढ़ी अहमदाबाद (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को अहमदाबाद जिले के गोधावी गांव में आकार लेने वाले नए शैक्षणिक परिसर ‘श्री श्री रविशंकर विद्यामंदिर’ का शास्त्रोक्त विधि से भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा राष्ट्र निर्माण का एक शक्तिशाली माध्यम बन गई है। जब शिक्षा में संस्कार, आध्यात्मिकता और आधुनिकता का समन्वय होता है, तभी एक जिम्मेदार नागरिक का निर्माण होता है। मुख्यमंत्री ने यह विश्वास व्यक्त किया कि आज जब साणंद क्षेत्र दुनिया के मानचित्र पर सेमीकंडक्टर हब के रूप में उभर रहा है, तब श्री श्री रविशंकर विद्यामंदिर जैसे संस्थान नई पीढ़ी को नवोन्मेषी कौशल और मूल्य-आधारित शिक्षा देकर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सृजित हो रहे उज्ज्वल अवसरों के लिए तैयार करेंगे। राज्य में शिक्षा के सर्वांगीण विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा के लिए 63 हजार करोड़ रुपए का बड़ा बजट आवंटित करके ‘ज्ञान शक्ति’ से विकसित गुजरात की नींव को मजबूत कर रही है। बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लागू की गईं ‘नमो लक्ष्मी’ और ‘नमो सरस्वती विज्ञान साधना’ जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार के ऐसे दूरदर्शी दृष्टिकोण में यह शैक्षणिक परिसर महत्वपूर्ण योगदान देगा। इस अवसर पर संस्थान के बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए ‘इंट्यूशन प्रोसेस’ के निदर्शन की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के सोशल मीडिया के युग में योग और ज्ञान के जरिए बच्चों में चेतना जगाने का कार्य बधाई के पात्र है। मुख्यमंत्री इस मौके पर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्या परिसर ‘विकसित भारत’ के निर्माण के संकल्प को साकार करने के लिए श्रेष्ठ भावी पीढ़ी का निर्माण करेगा। इस अवसर पर साणंद के विधायक कनु पटेल ने संस्थान को बधाई देते हुए कहा कि इस शैक्षणिक परिसर के माध्यम से क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्थान का आध्यात्मिक प्रशिक्षण बच्चों में एकाग्रता बढ़ाने के साथ ही योग्य संस्कारों का सिंचन करके अद्भुत क्षमताएं विकसित करता है, जो उनके लिए सर्वांगीण विकास को साधने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए पथप्रदर्शक साबित होता है। उल्लेखनीय है कि पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी के आशीर्वाद के साथ अहमदाबाद जिले के गोधावी गांव में अभी संचालित शैक्षणिक परिसर के अलावा यह नया शैक्षणिक परिसर एक सर्वसमावेशी शैक्षणिक परिसर के रूप में विकसित होगा, जिसमें सीबीएसई आधारित पाठ्यक्रम के साथ ही ध्यान, प्राणायाम और मंत्रोच्चार जैसी यौगिक क्रियाओं के द्वारा मानव मूल्यों का संवर्धन किया जाएगा। इस परिसर में विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए स्पोर्ट्स एकेडमी, संगीत-नृत्य और नाट्य कला के लिए परफॉर्मिंग एंड क्रिएटिव आर्ट्स एकेडमी, वैज्ञानिक दृष्टिकोण के लिए टेक्नोलॉजी और इनोवेशन एकेडमी तथा नेतृत्व के गुण विकसित करने के लिए बिजनेस एकेडमी जैसी विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस प्रकल्प के माध्यम से संस्थान का संकल्प परंपरा और आधुनिकता के संगम के साथ एक ऐसा भविष्योन्मुखी शैक्षिक पर्यावरण उपलब्ध कराना है, जहां विद्यार्थी शैक्षणिक प्रगति के साथ-साथ जीवन कौशल और मजबूत मूल्य व्यवस्था में भी पारंगत बन सकें। - 08 मई