पटना, (ईएमएस)। एक बार फिर बिहार में मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात का दौर शुरू हो गया है। अचानक बदले मौसम से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन खराब मौसम ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, औरंगाबाद, गया, अरवल, जहानाबाद, पटना, भोजपुर और बक्सर जिलों में तेज बारिश, वज्रपात और आंधी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं वैशाली, नालंदा, सारण, बांका सहित कई अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि इन क्षेत्रों में तेज मेघ गर्जन, बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहें। खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। किसानों को खेतों में नहीं जाने और मौसम सामान्य होने तक इंतजार करने की सलाह दी गई है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से बिहार के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश और तेज आंधी का असर देखा जा रहा है। कई जिलों में वज्रपात और तूफान के कारण जान-माल की क्षति की खबरें भी सामने आई हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। - ०८ मई/२०२६/ईएमएस