क्षेत्रीय
08-May-2026


हजारीबाग(ईएमएस)।झारखंड में भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्य में व्याप्त भीषण बिजली और पानी के संकट के खिलाफ मटका फोड़ आंदोलन चलाया जा रहा है।इस कड़ी में हजारीबाग में भाजपा ने मटका फोड़ कर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद किया है। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही हजारीबाग पहुंचे।सांसद मनीष जायसवाल हजारीबाग, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बरही विधायक मनोज यादव समेत बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने राज्य सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि झारखंड के ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में पानी को लेकर त्राहिमाम की स्थिति है।बहन बेटियां मटके लेकर पानी के लिए घंटों कतार में खड़ी रहने को मजबूर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए दिए गए 12,700 करोड़ रुपये का सही उपयोग नहीं किया गया। पूर्व पेयजल मंत्री मिथिलेश ठाकुर और हेमंत सोरेन ने इस राशि को 50-50 की अनुपातमें बांट लिया। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग में बिजली की व्यवस्था बेहद खराब हो गई है।पेयजल को लेकर भी हाहाकार मचा हुआ है।सरकार इस गंभीर समस्या पर पूरी तरह मौन बनी हुई है। कर्मवीर सिंह/08मई/26